बरेली : प्राचार्य कार्यालय पर धरना जारी; आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

प्राचार्य की ओर से धरना-प्रदर्शन पर कार्रवाई का नोटिस मिलने पर आक्रोशित कर्मचारियों ने प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया और आंदोलन दबाने के प्रयास पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

बरेली। छह दिनों से प्राचार्य कार्यालय पर धरने पर बैठे अस्थायी कर्मचारी बुधवार को प्राचार्य की ओर से धरना खत्म करने का नोटिस मिलने पर भड़क गए। उन्होंने प्राचार्य कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की और आंदोलन को दबाने का प्रयास करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के बैनर तले अस्थायी कर्मचारियों ने कमिश्नर कार्यालय में अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले 12 बजे रामपुर बाग से पैदल मार्च कर कमिश्नरी पहुंचे। करीब दो बजे कर्मचारी कॉलेज लौटे तो प्राचार्य डॉ. अनुराग मोहन की ओर से कर्मचारी नेता जितेंद्र मिश्र और हरीश मौर्य को नोटिस भेजा गया। नोटिस में हाल ही में जारी शासनादेश के तहत छह महीने तक धरना प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई का जिक्र था। इस पर भड़के कर्मचारियों ने प्राचार्य कक्ष घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।

अध्यक्ष जितेंद्र मिश्र ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। अगर इसे दबाने की कोशिश होगी तो कॉलेज में तालाबंदी की जाएगी। इसी दौरान स्थायी कर्मचारियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। प्राचार्य ने कर्मचारियों को बताया कि बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन के प्रतिनिधि कर्मचारियों से मिलने आएंगे जो मांगों के निस्तारण की कोशिश करेंगे। इस पर प्रदर्शन थमा।

प्रदर्शन के दौरान दीपक, सुनील, डॉ. मनीष मिश्रा, बच्ची देवी, क्रांति गंगवार, राम, राकेश, राजीव, कुलदीप, संजीव, शंकर, मुकेश यादव, मुकेश शर्मा, लालाराम, रामपाल आदि कर्मचारी मौजूद रहे।

अमर उजाला से साभार

About Post Author