पुलिस ने अबतक दो महिलाओं समेत तीन सफाई कर्मियों को अनशन से उठाया; आंदोलन जारी

महिला अनशनकारी को उठाने आई पुलिस से कर्मचारियों के बीच झड़प हुई। नेताओं ने कहा कि माँगों की अनदेखी कर अनशन से उठाने-बैठाने का खेल अधिक नहीं चलेगा।

हल्द्वानी : अगस्त में बर्खास्त किए छह कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ का आंदोलन जारी है। आंदोलन को 22 दिन पूरे हो गए। पुलिस प्रशासन पिछले आठ दिनों में दो महिलाओं समेत तीन कर्मचारियों को अनशन से उठा चुका है। तबीयत बिगडऩे पर शुक्रवार को पुलिस ने कृष्णा को जबरन उठाकर बेस में भर्ती करा दिया। बर्खास्त कर्मी रोहित मसीह ने अनशन शुरू कर दिया है।

महिला अनशनकारी को उठाने आई पुलिस से कर्मचारियों के बीच झड़प हुई। प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह ने कहा कि संघ की मांग की अनदेखी कर कर्मचारियों को अनशन से उठाने-बैठाने का खेल अधिक नहीं चलेगा। नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली से कर्मचारी त्रस्त हो चुके हैं। अगर निगम प्रशासन जल्द किसी तरह का फैसला नहीं लेता तो हड़ताल शुरू की जाएगी। प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार ने कहा कि दीपावली का त्योहार नजदीक है। हर तरह खुशियों का माहौल है लेकिन छह परिवार पिछले तीन माह से आर्थिक तंगी की स्थिति से गुजर रहे हैं। धरना देने वालों में विजय, बांके लाल, चौधरी अमरदीप, दिनेश चौधरी, विशाल, विजय पाल, रवि चिंडालिया, चौधरी अशोक, अनिल भारती, संजीव, अनीता, राजेश, सचिन, कैलाश, मुकुल, संजय, चंदन, अरुण, अर्जुन, चमन, लक्की, रोहित, मंजू, श्याम कली आदि शामिल रहे।

जागरण से साभार

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे