पेंशन स्कीम व निजीकरण के खिलाफ 22 अक्टूबर को भारत छोड़ो पदयात्रा, 21 नवंबर को शंखनाद रैली

यात्रा के दौरान सरकार को ज्ञापन देकर पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण समाप्त करने की मांग की जाएगी। 21 नवंबर को लखनऊ में विशाल पेंशन शंखनाद रैली की जाएगी।

लखनऊ। पुरानी पेंशन बहाली और निजी करण के विरोध में कर्मचारी संगठन अब एक ओर से पदायात्रा निकालकर सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी कर रहे हैं। निजीकरण भारत छोड़ो पदयात्रा के नाम पर कर्मचारी एकजुटता का परिचय भी देंगे। अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. राजेश कुमार ने बताया कि अटेवा लगातार पुरानी पेंशन की बहाली और निजीकरण के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रहा है। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के अनुरोध पर बुलाई गई बैठक में प्रदेश भर से शिक्षक, कर्मचारी व इंजीनियर संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने 22 अक्टूबर निजीकरण भारत छोड़ो पदयात्रा पूरे प्रदेश में निकालने का निर्णय लिया था।

यात्रा के दौरान सरकार को ज्ञापन देकर पुरानी पेंशन बहाल करने और निजीकरण समाप्त करने की मांग की जाएगी। सरकार हमारी मांगे नहीं मानती है तो 21 नवंबर को लखनऊ में विशाल पेंशन शंखनाद रैली की जाएगी। अटेवा ने पदयात्रा और पेंशन शंखनाद रैली के लिए प्रदेश के सभी कर्मचारी, अधिकारी और शिक्षक संगठनों से सम्मिलित होने हेतु समर्थन मांगा था जिसके क्रम में अटेवा को समर्थन पत्रों का सिलसिला लगातार जारी है। सभी संगठनों ने एक सुर में कहा कि हम अटेवा की इस मुहिम में साथ हैं। अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने बताया कि सभी शिक्षक, कर्मचारी सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। प्रदेश महामंत्री डा. नीरज पति त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान सरकार लगातार निजीकरण को बढ़ावा दे रही है जिससे शिक्षकों व कर्मचारियों के हितों पर लगातार कुठाराघात हो रहा है।

अटेवा को लोक निर्माण विभाग संयुक्त कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह यादव व महामंत्री रामराज दुबे, पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी के महामंत्री शैलेंद्र कुमार शुक्ला, उप्र लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष राममूरत यादव व महामंत्री ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, राजकीय नर्सेज संघ के महामंत्री अशोक कुमार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डा.अमित सिंह व प्रधान महासचिव अशोक कुमार, यूपी वाणिज्यकर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलदीप यादव व महामंत्री, जयप्रकाश मौर्य ने समर्थनपत्र देकर सभी कर्मचारियों से पदयात्रा और रैली में भाग लेने का आह्वान किया है। उप्र लाेकनिर्माण विभाग मिनीस्टीरियल एसोसिएशन के प्रवक्ता सीपी श्रीवास्तव ने बताया कि एसोसिएशन ने भी यात्रा का समर्थन किया है।

जागरण से साभार

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे