ग्वालियर : झण्डा लगाने के दौरान क्रेन गिरा, तीन लोगों की मौत, एक घायल

पीड़ित कर्मचारी क्रेन की बास्केट में ऊंचाई पर काम कर रहे थे

मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर के महाराज बाड़ा इलाके में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारी के दौरान क्रेन का एक हिस्सा गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई है और एक अन्य घायल हो गया है।

यह घटना शनिवार को हुई जब कर्मचारी हाइड्राेलिक मशीन पर चढ़कर निगम की बिल्डिंग पर तिरंगा लगा रहे थे, अचानक ही वह टूट गई। इस घटना के बाद हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। घायलाें काे तत्काल नीचे लाया गया। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारियाें के साथ ही प्रभारी नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता भी माैके पर पहुंच गए। 

पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने समाचार एजेंसी ‘भाषा’ को बताया कि पीड़ित कर्मचारी क्रेन की बास्केट में सवार होकर ऊंचाई पर काम कर रहे थे, तभी क्रेन का संतुलन बिगड़ने से बास्केट सहित क्रेन गिर गई।

एसपी ने कहा कि दुर्घटना महाराज बाड़ा के निकट ऐतिहासिक पोस्ट ऑफ़िस इमारत के पास हुई है यहां लगे खंभे पर प्रतिवर्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है।

इस हादसे में निगम कर्मचारी मंजर आलम, कुलदीप दंडाैतिया और विनाेद की माैके पर ही माैत हाे गई है। जबकि एक कर्मचारी काे गंभीर चाेट आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल एवं प्रभारी नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता माैके पर पहुंच गए। घायल काे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के साथ ही शवाें काे डेडहाउस पहुंचाने का काम शुरू किया गया। इसी बीच कुछ लाेगाें ने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया।

ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन इकाई मध्य प्रदेश के राज्य सचिव रविन्द्र सर्वटे ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि ग्वालियर नगर निगम के अधिकारियों की बड़ी लापरवाही ‌से बाड़ा निगम मुख्यालय पर झण्डा लगाते वक्त तीन कर्मचारियों की मौत एक गंभीर रूप से घायल हुए, इसके साथ ही ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने शासन से मांग की है

 -मृतक कर्मचारियों को 1 करोड़ का मुआवजा, साथ ही परिजन को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाए।

 -घायल कर्मचारी का पूरा इलाज़ फ्री कर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।

 -मृतक कर्मचारियों को शहीद का दर्जा दिया जाए।

 -घटना की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलवाई जाए।

न्यूजक्लिक से साभार

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे