संघर्ष : महिंद्रा & महिंद्रा लालपुर में ₹10,375 मसिक वृद्धि का हुआ समझौता

42 माह का समझौता; पहले साल ही मिलेगी पूरी राशि

रुद्रपुर (उत्तराखंड)। लंबे संघर्ष और लगातार कई दौर की द्विपक्षीय वार्ताओं के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा लालपुर में महिंद्रा कर्मकार यूनियन के साथ सुविधा राशि में वृद्धि सहित मासिक रुपए 10375 की वेतन वृद्धि व अन्य सुविधाओं के लिए 42 महीने का समझौता संपन्न हुआ।

16 जुलाई को सम्पन्न समझौता जुलाई 2021 से दिसंबर 2024 तक के लिए है। समझौते की पूरी राशि पहले साल से ही मिलेगी। जून 2020 से 13 माह के बकाया वेतन वृद्धि की 42 फीसदी राशि एरियर के रूप में प्राप्त होगी। 2 अवकाश में वृद्धि सहित तमाम सुविधाएं भी बढ़ी हैं।

चार साल का सतत संघर्ष

उल्लेखनीय है कि ट्रैक्टर निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड लालपुर-रूद्रपुर उधम सिंह नगर में मज़दूरों ने एक संघर्ष के बाद वर्ष 2017 में अपनी यूनियन पंजीकृत कराई थी। और तब से यूनियन द्वारा संघर्ष जारी रहा।

इस दरमियान यूनियन के तत्कालीन अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष की बर्खास्तगी हुई, जिनका विवाद कोर्ट में विचाराधीन है। यूनियन से जुड़े सदस्यों के बोनस में 2 साल पहले मनमानी कटौती हुई और तमाम तरीके के विवाद लगातार कायम रहे।

महिंद्रा कर्मकार यूनियन ने दो बार दिया माँगपत्र

इन तमाम विवादों और संघर्षों के बीच यूनियन ने पंजीकरण के दो साल बाद दिनांक 21/6/2019 को अपना मांग पत्र दिया था क्योंकि उत्तर प्रदेश उद्योग विभाग अधिनियम 1947 के तहत पंजीकृत यूनियन 2 साल तक मांग पत्र नहीं दे सकती थी। प्रबंधन ने इसका भी संज्ञान नहीं लिया जिसके बाद पुनः यूनियन ने दिनांक 19/01/2020 को अपना वही माँग पत्र पुनः प्रस्तुत किया।

इसके बाद भी एक साल तक रस्साकशी चलती रही।

महिंद्रा कर्मकार यूनियन से हुआ समझौता

श्रम विभाग के हस्तक्षेप के बाद अंततः महिंद्रा कर्मकार यूनियन के साथ माँग पत्र पर वार्ता शुरू की और शीर्ष व स्थानीय प्रबंधन के साथ कई दौर की लगातार द्विपक्षीय वार्ताओं के बाद अंततः यूनियन के साथ माँगपत्र पर आम सहमति बनी।

समझौता मई 2020 से लंबित था। नए समझौते की अवधि 1/06/2020 से थी, लेकिन 13 महीने विलंब से दिनांक 16/07/2021 को समझौता संपन्न हुआ, जोकि 1 जुलाई 2021 से लागू होगा। बकाया 13 माह का एरियार कुल वेतन वृद्धि के 42 फीसदी राशि के रूप में मिलेगा। इए प्रकार 42 महीने का यह समझौता 55 माह का हो गया।

समझौते की जानकारी महिंद्रा कर्मकार यूनियन के अध्यक्ष जगपाल सिंह व महामंत्री कुलविंदर गिल ने दी।

इस समझौतों को महिंद्रा कर्मकार यूनियन ने मज़दूर साथियों की एकजुटता और धैर्य की जीत बताई है और श्रमिक संयुक्त मोर्चा सहित समस्त सहयोगियों को धन्यवाद दिया है।

समझौते पर मज़दूर सहयोग केंद्र ने महिंद्रा कर्मकार यूनियन और मजदूरों को बधाई दी है।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे