डेना इंडिया, रुद्रपुर में 3 साल के लिए ₹11500 का वेतन समझौता संपन्न

अवकाश, बोनस वृद्धि व आपातकालीन लोन पर भी सहमति

पंतनगर (उत्तराखंड)। अशोक लेलैंड की वेंडर कंपनी डेना इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में यूनियन और प्रबंधन के बीच द्विपक्षीय वार्ता में सहमति के बाद 3 साल के लिए ₹11500 की वेतनवृद्धि तथा अन्य सुविधाओं पर समझौता सम्पन्न हुआ।

डेना इंडिया श्रमिक संघ के महामंत्री विजय सिंह रावत ने बताया कि यूनियन ने फरवरी 2021 में प्रबंधन को अपना माँगपत्र दिया था। जिस पर कंपनी के भीतर ही 16 दौर की द्विपक्षीय वार्ताएं चली। अंत में 3 साल के लिए समझौता संपन्न हुआ।

समझौते के बिन्दु-

  • समझौता 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2024 तक तीन साल के लिए है। श्रमिकों को पिछले 3 माह की वेतनवृद्धि की राशि एरियर के रूप में मिलेगी।
  • वेतनवृद्धि : समझौते के तहत वेतन में 3 साल के लिए सीटीसी में ₹11500 की वृद्धि होगी, जिसमें से पहले साल ₹5500 तथा अन्य 2 साल तीन-तीन हजार रुपये की वृद्धि होगी।
  • अवकाश : सालाना 6 अवकाश की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें 3pl व 3sl है।
  • बोनस : नए समझौते के तहत 2021 में ₹12000, 2022 में ₹13000 और 2024 में ₹14000 बोनस मिलेगा। पहले महज ₹9000 बोनस मिलता था।
  • अग्रिम/लोन : यूनियन ने लोन अथवा एडवांस की माँग की थी। इसके तहत किसी श्रमिक की आपातकालीन चिकित्सा जरूरत के लिए बेसिक वेतन का 3 गुना अग्रिम राशि के रूप देने पर सहमति हुई है। किसी विशेष बीमारी की स्थिति में यह अग्रिम राशि अधिकतम एक लाख रुपए तक हो सकती है।

ज्ञात हो कि डेना इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, रुद्रपुर हैवी ट्रैक्टर बनाने वाले अशोका लेलैंड के लिए एक्सेल बनाने का काम करती है। कंपनी में लगातार संघर्ष के बाद फरवरी 2019 में यूनियन पंजीकृत हुई थी, जो बीएमएस से सम्बद्ध है। यूनियन का यह पहला समझौता है।

कंपनी में स्टाफ श्रमिक मिलाकर करीब 80 कर्मी हैं, जिनमें से 43 ऑपरेटर हैं। इनमें से 41 श्रमिक यूनियन के सदस्य हैं। यह समझौता यूनियन सदस्यों पर ही लागू होगा।

समझौते पर श्रमिक पक्ष से डेना इंडिया श्रमिक संघ, रुद्रपुर के अध्यक्ष-अजीत चौहान, उपाध्यक्ष-राजेश चौहान, महामंत्री-विजय सिंह रावत, कोषाध्यक्ष-नागेन्द्र यादव तथा संयुक्त मंत्री-कुंदन सिंह बिष्ट ने हस्ताक्षर किया।

About Post Author