पटाखा फैक्ट्री में आग से बुजुर्ग महिला की झुलसकर मौत, 3 घायल

मध्यप्रदेश में दर्दनाक हादसा

मध्यप्रदेश के हरदा में मगरदा रोड पर पटाखा फैक्टरी में आग लग गई। हादसे में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की झुलसने से मौत हो गई। तीन अन्य लोग जख्मी हो गए। इन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद एएसपी, तहसीलदार, सिविल लाइन थाना प्रभारी स्टाफ मौके पर पहुंचा। हादसा सोमवार शाम करीब 6 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मगरदा रोड पर बैरागढ़ के पास पटाखा फैक्टरी में कुछ लोग पटाखे बनाने का काम करते हैं। सोमवार को भी पटाखे बनाने का काम जारी था। इसी दौरान शाम को अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में लपटें मकान से निकलने के साथ विस्फोट हुआ। आवाज सुन हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस व दमकल वाहन मौके पर पहुंचा।

फैक्टरी व आसपास बने मकानों से गैस सिलेंडर बाहर निकलवाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा गया। सिविल लाइन लाइन थाना प्रभारी एसएस पटेल ने बताया, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घायलों में 18 साल की युवती, 55 साल का पुरुष व अन्य है।

दैनिक भास्कर से साभार

About Post Author