गैरकानूनी गेटबन्दी के खिलाफ वोल्टास मज़दूरों का आंदोलन जारी

प्रबंधन पर तोडफोड व अनुचित श्रम अभ्यास का आरोप

पंतनगर (उत्तराखंड)। वोल्टास लिमिटेड पंतनगर में 9 श्रमिकों की गैरकानूनी गेट बंदी के खिलाफ मजदूरों का कंपनी गेट पर धरना आठवें दिन भी जारी है। विभिन्न कंपनियों के मज़दूरों का समर्थन व विरादराना भाईचारा भी जारी है। इधर यूनियन पदाधिकारियों ने प्रबंधन पर अनुचित श्रम व्यवहार का आरोप लगाया है।

यूनियन अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि हमारे एकजुट आंदोलन से घबड़ाकर प्रबंधन लगातार इसे तोड़ने की कोशिशों में लगा हुआ है। प्रबंधन ने वेतन समझौते का लॉलीपॉप दिखाकर मज़दूरों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी और अंदर के मज़दूरों को काम पर वापस जाने को मजबूर कर दिया। लेकिन गैरकानूनी रूप से गेटबंदी के शिकार 9 मज़दूर आपने आंदोलन में डटे हुए हैं।

महामंत्री दिनेश चंद्र पंत ने कहा कि प्रबंधन की इस हरकत का हमारी फेडरेशन ऑल इंडिया वोल्टास एम्पालाइज फेडरेशन, श्रमिक संयुक्त मोर्चा उधम सिंह नगर और इलाके की यूनियनों ने निंदा की है और आंदोलन को समर्थन दिया है। कहा कि सबके समर्थन से हमारा आंदोलन तबतक जारी रहेगा, जबतक सबकी कार्यबहाली नहीं हो जाती है।

यूनियन के पूर्व अध्यक्ष नन्द लाल ने कहा कि वोल्टास का जो प्रबंधन पिछले सवा तीन साल से माँगपत्र पर समझौता करने को तैयार नहीं था और माँगपत्र श्रम न्यायालय में भिजवा दिया था, जिस माँगपत्र के कारण ही उसने 9 मज़दूरों को बाहर किया, आज वही प्रबंधन 9 श्रमिकों की कीमत पर वेतन समझौता करने का झांसा दे रहा है।

इस बीच कंपनी गेट स्थित धरना स्थल पर विभिन्न कंपनियों के मज़दूरों की विरदराना एकता बढ़ रही है। समर्थन में श्रमिक संयुक्त मोर्चा और ब्रिटानिया श्रमिक संघ, कारोलीय लाइटिंग, बीसीएच तथा बजाज मोटर्स आदि के मज़दूर साथी आए और संघर्ष को जारी रखने के लिए मज़दूरों का उत्साह बढ़ाया।

यूनियन ने श्रामयुक्त को दिया पत्र, अनुचित श्रम अभ्यास का आरोप

वोल्टास इंप्लाइज यूनियन के अध्यक्ष मनोज कुमार, महामंत्री दिनेश चंद्र पंत और संगठन मंत्री चंद्रभूषण ने उत्तराखंड के श्रम आयुक्त, श्रम सचिव व जिला प्रशासन को पत्र देकर कहा है कि वोल्टास में यूनियन के माँग पत्र दिनांक 09/12/2017 पर औद्योगिक विवाद कायम है और उक्त विवाद माननीय श्रम न्यायालय काशीपुर में विचाराधीन है।

अपनी आपत्ति के साथ लिखा है कि इस दरमियान सूचना प्राप्त हुई है कि वोल्टास प्रबंधन कतिपय रूप से कुछ यूनियन सदस्यों को डरा-धमका व बरगलाकर उक्त विवादित माँगपत्र पर दिनांक 10/04/2021 की देर रात को कथित रूप से एक समझौता किया है, जो श्रम कानूनों के विपरीत है। इसलिए उस पर हमें आपत्ति है।

पत्र में इसे गैरकानूनी बताते हुए लिखा है कि माँगपत्र माननीय श्रम न्यायालय काशीपुर में विचाराधीन है। उक्त कथित समझौते पर यूनियन के अध्यक्ष, महामंत्री व संगठन मंत्री के हस्ताक्षर नहीं है। यूनियन के मुख्य पदाधिकारियों और यूनियन के अन्य कई सदस्यों से सलाह परामर्श और राय किए बगैर प्रबंधन द्वारा उक्त कथित समझौता पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। यह प्रबंधन द्वारा तोड़फोड़ की कार्रवाई है और अनुचित श्रम व्यवहार की श्रेणी में आता है।

यूनियन ने यह भी कहा कि वोल्टास प्रबंधन द्वारा पूर्व में भी अनुचित श्रम व्यवहार किया जा चुका है, जिसके संबंध में उप श्रम आयुक्त, उधम सिंह नगर ने कार्यवाही करने के निर्देश पारित किए हैं और कार्यवाही होना लंबित है। इसके अतिरिक्त यूनियन की ओर से सीबी वाद भी विचाराधीन है।

पदाधिकारियों ने माँग की है कि उक्त कथित समझौते को निरस्त करने का निर्देश दें, साथ ही प्रबंधन द्वारा अनुचित श्रम व्यवहार करने के लिए उत्तर प्रदेश औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 के तहत उचित कानूनी कार्रवाई करें।

आज धरने पर राकेश जोशी, आतिक खान, पंकज मलिक, विक्रम नेगी, नन्द लाल, चंद्र भूषण, मनोज कुमार, दिनेश पंत आदि शामिल रहे।

About Post Author