8 मार्च को ‘महिला किसान दिवस’, 15 मार्च को ‘निजीकरण विरोधी दिवस’

जनविरोधी तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जारी आंदोलन का 98वाँ दिन

जनविरोधी कृषि क़ानूनों के खिलाफ़ जारी आंदोलन के 100वें दिन 6 मार्च से आंदोलन और तीखा होगा। 6 मार्च को दिल्ली-एनसीआर के केएमपी एक्सप्रेस-वे की नाकेबंदी होगी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को ‘महिला किसान दिवस’ मनाया जाएगा। 15 मार्च को ‘निजीकरण विरोधी दिवस’ पर प्रदर्शन होगा। विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में बीजेपी को दंडित करने की अपील जारी होगी।

‘संयुक्त किसान मोर्चा’ ने कहा कि 6 मार्च 2021 को, दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन शुरू होने के 100 दिन हो जाएंगे। उस दिन दिल्ली व दिल्ली बॉर्डर्स के विभिन्न विरोध स्थलों को जोड़ने वाले केएमपी एक्सप्रेसवे पर 5 घंटे की नाकाबंदी होगी। सुबह 11 से शाम 4 बजे के बीच जाम किया जाएगा। यहां टोल प्लाजा को टोल फीस जमा करने से भी मुक्त किया जाएगा।

शेष भारत में, आंदोलन को समर्थन के लिए, और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए, घरों और कार्यालयों पर काले झंडे लहराए जाएंगे। ‘संयुक्त किसान’ मोर्चा ने प्रदर्शनकारियों को उस दिन काली पट्टी बांधने के लिए भी आह्वान किया है।

मोर्चा ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को ‘महिला किसान दिवस’ के रूप में मनाएगा। देशभर के सभी धरना स्थल 8 मार्च को महिलाओं द्वारा संचालित होंगे। इस दिन महिलाएं ही मंच प्रबंधन करेंगी और वक्ता होंगी। एसकेएम ने उस दिन महिला संगठनों और अन्य लोगों को आमंत्रित किया कि वे किसान आंदोलन के समर्थन में इस तरह के कार्यक्रम करें और देश में महिला किसानों के योगदान को उजागर करें।

केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर 15 मार्च 2021 को ‘निजीकरण विरोधी दिवस’ का समर्थन करते हुए ‘सयुंक्त किसान मोर्चा’ द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। एसकेएम इस दिन को ‘कॉरपोरेट विरोधी’ दिवस के रूप में देखते हुए ट्रेड यूनियनों के इस आह्वान का समर्थन करेगा, और एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेगा।

जिन राज्यों में अभी चुनाव होने वाले है, उन राज्यो में ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की किसान-विरोधी, गरीब-विरोधी नीतियों को दंडित करने के लिए जनता से अपील करेगा। किसान मोर्चा के प्रतिनिधि भी इस उद्देश्य के लिए इन राज्यों का दौरा करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 12 मार्च को बंगाल में किसानों की रैली हो रही है, जिसमें ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ के नेता शामिल होंगे।

‘संयुक्त किसान मोर्चा’ पूरे भारत में “एमएसपी दिलाओ अभियान” शुरू करेगा। अभियान के तहत, विभिन्न बाजारों में किसानों की फसलों की कीमत की वास्तविकता को दिखाया जाएगा, जो मोदी सरकार व एमएसपी के झूठे दावों और वादों को उजागर करेगा। यह अभियान दक्षिण भारतीय राज्यों कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शुरू किया जाएगा। पूरे देश के किसानों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा।

About Post Author