मनरेगा मज़दूर भी 26 नवंबर हड़ताल में होंगे शामिल

जन संघर्ष मंच हरियाणा चला रहा है प्रचार अभियान

कैथल (हरियाणा)। जन संघर्ष मंच हरियाणा घटक मासा और उसके सहयोगी संगठन मनरेगा मजदूर यूनियन ने 20 नवम्बर को गांव टटियाना ब्लाक गुला चीका जिला कैथल में मनरेगा मजदूरों की एक सभा की और सभी मजदूरों से 26 नवंबर की राष्ट्रव्यापी मजदूर हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।

21 नवम्बर को जन संघर्ष मंच हरियाणा (घटक मासा) और उसके सहयोगी संगठन मनरेगा मजदूर यूनियन ने गांव मैगड़ा, भूला, बाऊपुर, डण्डौता और हरिगढ़ किंगन ब्लाक गुहला चीका जिला कैथल में मनरेगा मज़दूरों की सभाएं की और मज़दूरों से अपील की कि वे 26 नवंबर की राष्ट्रव्यापी मजदूर हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लें।

इस दौरान मनरेगा मज़दूर यूनियन की कार्यकारिणी सदस्य कामरेड कर्मजीत कौर ने मनरेगा मज़दूरों को उनके अधिकारों से अवगत करवाया।

प्रचार अभियान के दौरान मनरेगा मज़दूर यूनियन के जिला प्रधान कामरेड जोगिंदर सिंह ने कहा कि मौजूदा मोदी सरकार ने 44 मज़दूर कानूनों को खत्म कर चार मज़दूर विरोधी लेबर कोर्ट बनाए हैं और सरकारी संस्थानों को बेचकर पूँजीपतियों के हवाले करती जा रही है।

मनरेगा में 100 दिन का काम प्राप्त करना ग्रामीण मज़दूरों का अधिकार है लेकिन मज़दूरों को काम नहीं दिया जा रहा है और ना ही काम दिए जाने पर बेरोजगारी भत्ता दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि आज महंगाई आसमान छू रही है लेकिन मनरेगा मज़दूरों की दिहाड़ी ₹800 नहीं की जा रही है। मज़दूरों के लिए बनी सामाजिक कल्याण की स्कीमों में कटौती की जा रही है और मज़दूरों की एकता तोड़ने के लिए मौजूदा सरकार हिंदू मुसलमान के नाम पर देश को लडवा रही है।

उन्होंने मज़दूरों का आह्वान किया कि वे अपनी एकता बनाकर मोदी सरकार और प्रदेश की खट्टर सरकार की मज़दूर कर्मचारी विरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए 26 नवंबर की हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग ले।

मज़दूरों की सभा को मनरेगा मज़दूर यूनियन की राज्य कार्यकारिणी सदस्य कर्मजीत कौर, कमलेश मैगड़ा तथा जन संघर्ष मंच हरियाणा के राज्य सचिव कामरेड सोमनाथ ने भी संबोधित किया।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे