पत्थर खदान धंसने से एक मज़दूर की मौत

सोनभद्र में पत्थर खदान में फंसे अबतक दो घायल मज़दूर निकाले गए, बचाव कार्य जारी

सोनभद्र। खदानों में मज़दूरों की मौत का सिलसिला जारी है। ताजा घटना उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की है, जहाँ एक पत्थर की खदान धंसने से उसमें करीब आधा दर्जन लोग दब गए। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने काफी मशक्कत के बाद घायल अवस्था में दो मज़दूरों को बाहर निकाल लिया, जबकि सुबह एक मज़दूर की लाश मिली। बाकि फंसे मज़दूरों को निकालने का प्रयास और बचाव कार्य जारी है।

दरअसल, सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बिली मारकुंडी खनन एरिया में शुक्रवार शाम क़रीब 4 बजे अचानक खदान धंस गई। खदान धंसने की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन में अफरातफरी मच गई। मौके पे पहुँची पुलिस टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। खबर के मुताबिक जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त खदान में कम से कम 6 मजदूर काम कर रहे थे।

हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो मज़दूर घायल अवस्था में खदान से बाहर निकाले गए थे, जबकि अन्य मज़दूरों को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। खदान का मलबा साफ करने के लिए जेसीबी लगाई गई है। वहीं, बाहर निकाले गए मज़दूरों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

इस बीच अंधेरा काफी होने और पत्थर दोबारा गिरने की आशंका को देखते हुए रात में राहत और बचाव कार्य रोक दिया गया था। शनिवार की सुबह पुनः राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ तो पत्थरों के नीचे से एक मज़दूर सुरेंद्र निवासी पतेहवा का शव बरामद हुआ। स्‍थानीय मज़दूरों के अनुसार अभी भी पत्‍थरों के नीचे पांच और मज़दूरों के दबे होने की आशंका है।

ज्ञात हो कि यूपी का सोनभद्र ज़िला हाल में सोना मिलने की ख़बर की वजह से चर्चा में था। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में जीएसआई के हवाले से दावा किया जा रहा था कि वहां सैकड़ों टन सोने के भंडार का पता चला है। हालांकि बाद में जीएसआई ने इससे इनकार कर दिया और सोने की मात्रा कम होने की बात कही।

About Post Author