श्रम भवन रुद्रपुर में मज़दूरों ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन 

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की शहादत दिवस पर मज़दूर समस्याओं पर आवाज़ हुई बुलंद

रुद्रपुर (उत्तराखंड), 27 फरवरी। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल पंतनगर व सितारगंज में मज़दूरों के दमन-शोषण, छँटनी-बंदी के खिलाफ मज़दूरों ने श्रम भवन, रुद्रपुर में प्रदर्शन किया और अपनी माँगों के समाधान के लिए उप श्रमायुक्त के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को 8 सूत्रीय ज्ञापन भेजा।

अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की शहादत दिवस पर मज़दूरों ने भगवती प्रोडक्ट्स (माइक्रोमैक्स), वोल्टास, शिरडी आदि कंपनियों की गैरकानूनी छँटनी/बंदी; नेस्ले इंडिया में जारी उत्पीड़न; गुजरात अंबुजा में दमन, महिंद्रा & महिंद्रा, महिंद्रा सीआईई, बजाज मोटर्स, इंट्रार्क, पारले, ऑटोटेक आदि कंपनियों के माँग पत्र के समाधान और श्रम अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल पंतनगर व सितारगंज में विभिन्न कंपनियों में मजदूरों का शोषण उत्पीड़न और प्रबंधन की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। छँटनी/बंदी/लेआफ का गैरकानूनी धंधा जोर पकड़ चुका है। लंबे-लंबे समय तक माँग पत्र विवादित बनाए रखे गए हैं और श्रमिक जब अपनी समस्याओं को उठाते हैं तो उल्टे उन पर फर्जी मुकदमे लगाए जाते हैं, दमन और बढ़ता है।

वक्ताओं ने कहा कि मोदी सरकार मज़दूरों के श्रम कानूनी अधिकारों को छीनकर जो चार श्रम संहिताएं बना रही है, सिडकुल उसकी प्रयोग भूमि बन गई है। मज़दूरों पर इन हमलों के साथ उन्हें जाति-धर्म के खतरनाक बंटवारे और खून-खराबे की आग में झोंका जा रहा है।

सभा में यह बात स्पष्ट हुई कि देश-दुनिया मे दो ही जातियाँ हैं एक लुटेरे पूँजीपतियों की और दूसरी व्यापक मेहनतकश आबादी की। ऐसे में मज़दूरों के बिखराव का सीधा फायदा मुनाफाखोर जमात उठा रही है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन के माध्यम से माँग की गई कि वोल्टास लिमिटेड, पंतनगर के समस्त 9 श्रमिकों की अविलंब कार्यबहाली सहित सभी विवादों का समाधान हो और कानूनों के उल्लंघन के लिए प्रबंधन पर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित हो; नेस्ले इंडिया, पंतनगर के प्रबंधन की मनमानी पर रोक लगाते हुए, समस्त विवादों का निस्तारण हो।

भगवती प्रोडक्ट्स (माइक्रोमैक्स), पंतनगर में ग़ैरकानूनी छँटनी व ले ऑफ को समाप्त कर समस्त श्रमिकों की कार्यबहाली हो; महिंद्रा एंड महिंद्रा रुद्रपुर, महिंद्रा सीआईई पंतनगर, गुजरात अंबुजा सितारगंज, बजाज मोटर्स पंतनगर, इंट्रार्क पंतनगर व किच्छा, पारले पंतनगर व सितारगंज, ऑटोटेक पंतनगर, आदि कंपनियों के माँग पत्र का यथाशीघ्र सर्वमान्य समझौता सम्पन्न कराया जाए।

ज्ञापन द्वारा माँग हुई कि भगवती प्रोडक्ट्स, वोल्टास, गुजरात अम्बुजा, इंट्रार्क, महिंद्रा एंड महिंद्रा, महिंद्रा सीआईई के श्रमिकों और श्रमिक संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों पर लगे सभी फर्जी मुक़दमे वापस हों; यूनियन बनाने पर श्रमिक उत्पीड़न, निलंबन, निष्काशन पर रोक लगे, प्रशासन द्वारा मालिकों की सह पर फर्जी मुक़दमे लगाने की परंपरा बंद हो।एलजीबी यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह को क़ानूनी रूप से मान्य वेतन व सुविधाएं बहाल हों, ऑटो लाइन के पूर्व अध्यक्ष उत्तम सिंह की कार्यबहाली करवाई जाए तथा गैरकानूनी ठेका प्रथा पर रोक लगे।

प्रदर्शन का आह्वान नेस्ले श्रमिक संयुक्त मोर्चा, वोल्टास इम्पलाइज यूनियन व भगवती श्रमिक संगठन ने संयुक्त रूप से किया था।

प्रदर्शन में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी, मजदूर सहयोग केंद्र के मुकुल, महेंद्र राणा, नेस्ले श्रमिक संयुक्त मोर्चा से चंद्रमोहन लखेडा, भगवती श्रमिक संगठन के दीपक सनवाल, गुजरात अंबुजा कर्मकार यूनियन सितारगंज के कैलाश चंद्र पांडे वोल्टास इम्पलाइज यूनियन के मनोज, बजाज मोटर्स कामगार यूनियन के कुंवर सिंह, एडविक श्रमिक संगठन के राजू विश्वास, ऑटोटेक के विनय श्रीवास्तव, रोकेट रिद्धि सिद्धि श्रमिक संघ के गोविंद सिंह पारले श्रमिक संघ सितारगंज से सुमित राणा, पारले मजदूर संघ पंतनगर से प्रमोद तिवारी, शिरडी श्रमिक संगठन के रामगोपाल, एलजीबी वर्कर्स यूनियन के जमन सिंह, ऑटो  लाइन मजदूर संगठन के उत्तम सिंह बिष्ट, थाई सुमित JBM के सी एस तिवारी, राने मद्रास के दिनेश तिवारी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जेएस चीमा मंत्री मैटालिक्स के निरंजन, सीटू के एमआर मुखर्जी, डेल्टा एम्प्लाइज यूनियन से हरीश चंद्र पपने आदि सहित सैकड़ों मज़दूर शामिल थे।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे